महिलाओं को बड़ी सौगात: अब 1 करोड़ की संपत्ति रजिस्ट्री पर मिलेगी 1% स्टांप ड्यूटी छूट, बचेगा 1 लाख रुपये तक

महिलाओं को बड़ी सौगात: अब 1 करोड़ की संपत्ति रजिस्ट्री पर मिलेगी 1% स्टांप ड्यूटी छूट, बचेगा 1 लाख रुपये तक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए संपत्ति की रजिस्ट्री पर स्टांप ड्यूटी में बड़ी छूट देने का फैसला किया है। अब महिलाओं के नाम एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर 1 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी की छूट मिलेगी। यानी इस फैसले से महिलाएं 1 लाख रुपये तक की बचत कर सकती हैं।

इस संबंध में मंगलवार को प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन अमित गुप्ता की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह व्यवस्था बुधवार से लागू हो जाएगी। पिछले 19 वर्षों से यह छूट केवल 10 लाख रुपये तक की संपत्ति पर ही लागू थी, जिससे महिलाओं को अधिकतम 10 हजार रुपये की ही बचत हो पाती थी। अब इस सीमा को बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये तक कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 22 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। गौरतलब है कि 23 फरवरी 2006 को तत्कालीन सपा सरकार ने पहली बार महिलाओं को 10 लाख रुपये तक की संपत्ति पर 1 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी की छूट देने की व्यवस्था लागू की थी। इस नए फैसले से अब महिलाएं संपत्ति की रजिस्ट्री पर पहले से 10 गुना अधिक लाभ उठा सकेंगी।