अब थानों में लगे QR कोड से देख सकेंगे ई-चालान, ऑनलाइन भुगतान भी होगा आसान

अब थानों में लगे QR कोड से देख सकेंगे ई-चालान, ऑनलाइन भुगतान भी होगा आसान

दुर्ग। वाहन चालकों को लंबित ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और जुर्माना भुगतान करने में होने वाली परेशानी दूर करने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नई पहल की है। जिले के सभी थाना-चौकियों और पुलिस कार्यालयों में ई-चालान भुगतान संबंधी QR कोड स्टिकर लगाए गए हैं। अब वाहन चालक अपने नजदीकी थाना या चौकी पहुंचकर QR कोड स्कैन कर अपने वाहन का लंबित चालान देख सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

यातायात पुलिस दुर्ग ने यह पहल पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में 28 नवंबर को शुरू की। QR कोड स्टिकर पर ई-चालान देखने और भुगतान करने की प्रक्रिया को चित्रों और विवरण के साथ 10 आसान चरणों में समझाया गया है। इसमें QR कोड स्कैन करने, आधिकारिक वेबसाइट खोलने, वाहन नंबर और कैप्चा दर्ज करने, चालान का विवरण देखने तथा ऑनलाइन भुगतान करने की जानकारी दी गई है।

ई-चालान भुगतान के लिए परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in/ का लिंक उपलब्ध कराया गया है। भुगतान UPI सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है। भुगतान पूरा होने के बाद रसीद डाउनलोड और प्रिंट करने की प्रक्रिया भी स्टिकर में बताई गई है।

यातायात पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए नागरिकों को केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भुगतान करने की सलाह दी है। अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने, OTP, बैंकिंग जानकारी या UPI PIN साझा करने से बचने की अपील की गई है।

पुलिस के अनुसार, चालान जारी होने के 45 दिनों के भीतर QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। इसके बाद चालान का भुगतान संबंधित न्यायालय में करना होगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से लंबित चालान की नियमित जांच कर समय पर भुगतान करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।