फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर एक ही जमीन कई लोगों को बेची, धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर एक ही जमीन कई लोगों को बेची, धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने कथित तौर पर एक ही जमीन के अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर कई लोगों के साथ सौदा किया। पावर ऑफ अटॉर्नी देने और रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर लोगों से रकम वसूलने वाले आरोपी को थाना बोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज मामले में ग्राम अरसी की जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना कर धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।

3 लाख रुपये में तय हुआ था जमीन का सौदा

प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086, प्रत्येक का रकबा 0.16 हेक्टेयर, कुल 0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपी के साथ 3 लाख रुपये में तय हुआ था। प्रार्थी ने यह राशि ऑनलाइन भुगतान, बैंक खाते और नगद माध्यम से आरोपी को दी थी।

आरोपी ने दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहकर उन्हें सुधारने और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। इसी दौरान आरोपी ने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी प्रदान की, जिसके आधार पर प्रार्थी स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा सकता था।

11 महीने बाद सामने आई दूसरी रजिस्ट्री की जानकारी

करीब 11 माह बाद प्रार्थी को जानकारी मिली कि आरोपी ने उसी जमीन के संबंध में अन्य व्यक्ति के नाम पर भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा दी है। इसके बाद तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया में कई व्यक्तियों द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बोरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

फरार आरोपी की तलाश कर पुलिस ने किया गिरफ्तार

विवेचना के दौरान आरोपी फरार हो गया था। थाना बोरी पुलिस ने आरोपी की पतासाजी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश और दबिश दी। पुलिस टीम के प्रयासों से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अपराध में संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

ऐसे करता था धोखाधड़ी

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ही भूमि के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार करता था। दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर लोगों से रकम प्राप्त करता था। इसके बाद उसी जमीन के संबंध में अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई जाती थी। इससे एक ही भूमि को लेकर कई लोगों के बीच विवाद और आर्थिक धोखाधड़ी की स्थिति पैदा होती थी।

गिरफ्तार आरोपी

नाम: दीपक देशलहरे

उम्र: 36 वर्ष

निवासी: ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग

जमीन खरीदने से पहले दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले मूल दस्तावेज, ऋण पुस्तिका, खसरा, बी-1, नामांतरण की स्थिति और स्वामित्व का राजस्व विभाग से विधिवत सत्यापन कराएं। केवल पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन का सौदा करने से पहले सभी कानूनी पहलुओं की जांच करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचित करें।