समोदा के गोदाम में चोरी का खुलासा: 3 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ी भी पकड़ा गया
98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री बरामद, चोरी रोकने पहुंचे ठेकेदार पर लोहे के पाइप से किया था हमला; दो आरोपी अब भी फरार

दुर्ग। ग्राम समोदा स्थित एक गोदाम से करीब 98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 की रात ग्राम समोदा नदी रोड स्थित प्रार्थी विमल कुमार ताम्रकार के खेत के गोदाम में चोरी हुई थी। गोदाम में सिविल ठेकेदारी से संबंधित निर्माण सामग्री रखी थी। रात करीब 11:38 बजे मोबाइल के माध्यम से गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर प्रार्थी दुर्ग से समोदा पहुंचे। रात करीब 12:25 बजे गोदाम पहुंचने पर उन्होंने कुछ लोगों को सामान चोरी कर ले जाते देखा। उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास करने पर आरोपियों में से एक ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर में चोट मार दी। इसके बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 853/2026, धारा 307, 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की। जांच में चोरी की सामग्री एक कबाड़ी को बेचने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया।
लाखों नहीं, करीब 98 हजार की सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 7.5 एचपी थ्री-फेस मोटर पम्प, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, प्लेट वाइब्रेटर, कांक्रीट पम्प का बेंड पाइप, एल्युमिनियम अर्थिंग केबल, लोहे का स्क्रैप, एमएस पाइप, नट-बोल्ट सहित चोरी की विभिन्न सामग्री बरामद की है। घटना में इस्तेमाल लोहे का पाइप और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम में से 1,000 रुपये भी बरामद किए गए।
6 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल
मामले में पुलिस ने लोकेश चन्द्राकर, भगवंत देशमुख, ताकेश देशमुख, योगेश निषाद उर्फ बाऊ, पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख और अनुप मिश्रा उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। सभी को 30 सितंबर को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई है। उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में वासु निषाद और गिरवर यादव घटना के बाद से फरार हैं। दोनों की तलाश की जा रही है।
