रायपुर के नाबालिग का कथित अपहरण, भिलाई लाकर बेरहमी से पीटा

10-11 युवकों ने घेरकर बैट से पीटने का आरोप, जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर; ज्वेलरी, मोबाइल और 40 हजार रुपये लूटने का भी दावा

रायपुर के नाबालिग का कथित अपहरण, भिलाई लाकर बेरहमी से पीटा

भिलाई। रायपुर के एक नाबालिग लड़के को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर भिलाई लाने और यहां करीब 10 से 11 युवकों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि नाबालिग को पहले रायपुर के दलदल सिवनी रोड, मोवा क्षेत्र से कार में बैठाया गया। इसके बाद उसे माना ले जाया गया और फिर भिलाई लाते समय उसके जेवर, मोबाइल और नकदी कथित तौर पर छीन ली गई।

मामला जामुल थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 137(2), 115(2), 140(3), 296, 3(5), 309(6) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

कार में बैठाते ही मारपीट शुरू करने का आरोप

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, अरमान सिद्दीकी, रोशन सोनी, मुदित मिश्रा और शिव सोनी सहित कुछ युवकों ने नाबालिग को वरना कार में जबरन बैठाया। आरोप है कि कार में बैठाने के बाद ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। उसे रायपुर के मोवा क्षेत्र से माना ले जाया गया, जहां भी कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई।

इसके बाद उसे भिलाई लाया जा रहा था। इसी दौरान कुम्हारी टोल प्लाजा के पास कार में ही नाबालिग से सामान छीनने का आरोप लगाया गया है।

जेवर, दो मोबाइल और 40 हजार रुपये ले जाने का दावा

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि नाबालिग के पास मौजूद ब्रेसलेट, गले की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और करीब 40 हजार रुपये नकद आरोपियों ने कथित तौर पर छीन लिए।

बताया गया है कि नकदी नाबालिग के दोस्त की थी, जो उसे लेने आने वाला था। आरोप यह भी है कि नाबालिग के मोबाइल से सिम कार्ड निकाल दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क नहीं कर सके।

मैदान में पहुंचे 5-6 और युवक

पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग को भिलाई के एक मैदान में ले जाने के बाद वहां पांच से छह और युवक पहुंचे। इसके बाद करीब 10 से 11 युवकों ने उसे घेर लिया और कथित तौर पर उसके साथ जमकर मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान बेसबॉल बैट और क्रिकेट बैट का इस्तेमाल किया गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि मारपीट के दौरान दो बेसबॉल बैट टूट गए, जबकि एक क्रिकेट बैट भी क्षतिग्रस्त हुआ।

चेहरे पर गंभीर चोट, बोलने में भी परेशानी

हमले के बाद नाबालिग के कपड़े फट गए थे। उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, उसके मुंह से लगातार खून निकल रहा था और चेहरे पर काफी सूजन थी। चोट के कारण उसे बोलने में भी परेशानी हो रही थी।

परिजनों और पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि नाबालिग की जान को खतरा पैदा हो गया था।

मेडिकल जांच में जबड़े में तीन फ्रैक्चर

जामुल थाना पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण के लिए भेजे जाने के बाद नाबालिग का चंदूलाल चंद्राकर शासकीय अस्पताल में मुलायजा कराया गया। मेडिकल जांच में उसके जबड़े में तीन स्थानों पर फ्रैक्चर पाए जाने की जानकारी सामने आई।

नाबालिग की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल रायपुर रेफर किया। बाद में जबड़े के उपचार के लिए उसे रायपुर डेंटल कॉलेज भेजे जाने की जानकारी है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें होने की बात सामने आई है।

थाने में खुद को पीड़ित बताने का भी आरोप

मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपियों से जुड़े एक व्यक्ति ने उन्हें पहले घायल नाबालिग के लिए कपड़े लेने और इसके बाद थाने पहुंचकर उसके खिलाफ शिकायत करने की सलाह दी।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि नाबालिग ने कार में बैठे-बैठे यह बातचीत खुद सुनी थी।

इसके बाद आरोप है कि कुछ युवक जामुल थाना पहुंचे और खुद को पीड़ित बताने का प्रयास किया। हालांकि, इस दावे की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ज्वेलरी कारोबार से जुड़े युवक का नाम भी सामने आया

मामले में रोशन सोनी का नाम सामने आया है। उसके ज्वेलरी कारोबार से जुड़े होने की जानकारी बताई जा रही है। हालांकि घटना में कौन आरोपी किस भूमिका में शामिल था, किसने नाबालिग को कार में बैठाया, किसने मारपीट की और कथित लूट में किसकी क्या भूमिका थी, इसका अंतिम खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस जांच में सामने आएगा पूरा घटनाक्रम

जामुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल युवकों, कार, घटनास्थलों और कथित तौर पर छीने गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है।