26 वर्षीय शिक्षिका की मौत से सनसनी, घर में फांसी पर लटका मिला शव

सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षिका का शव उनके घर में मिला। घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका सलका क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रात के समय वह अपने घर पर थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
शिक्षिका ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
