भिलाई के मारुति शोरूम चौहान ऑटोमोबाइल में बवाल: महिला कर्मचारी ने CEO पर फेंकी स्याही, थप्पड़-लात से की पिटाई, छेड़छाड़ के आरोप

भिलाई के मारुति शोरूम चौहान ऑटोमोबाइल में बवाल: महिला कर्मचारी ने CEO पर फेंकी स्याही, थप्पड़-लात से की पिटाई, छेड़छाड़ के आरोप

भिलाई नगर थाना क्षेत्र स्थित Maruti Suzuki के डीलरशिप चौहान ऑटोमोबाइल में उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने शोरूम के CEO अंकित आनंद पर स्याही फेंक दी और फिर थप्पड़ व लातों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी ने CEO अंकित आनंद पर अश्लील मैसेज भेजने, गलत तरीके से बात करने और छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। इसी मामले में महिला पहले ही भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक 22 मई को पुलिस मामले की जांच के लिए अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंची थी। इसी दौरान महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही CEO ऑफिस के अंदर पहुंचे, महिला ने उन पर स्याही फेंक दी। इसके तुरंत बाद उसने थप्पड़ और लातों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते नजर आए।

सूत्रों के अनुसार, शोरूम की केवल एक नहीं बल्कि 3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी CEO के व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने भी शिकायत करने की बात कही है।

भिलाई नगर CSP ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, इसलिए पुलिसकर्मी महिला को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश करते रहे। यह पूरी घटना 22 मई की बताई जा रही है।