ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी, सुपेला की कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत राधिका नगर में शुक्रवार रात एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकलने के बाद आग पास में स्थित श्री परमानंद चंदेल की कबाड़ी दुकान तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना रात करीब 10:30 बजे अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कबाड़ी सामग्री में तेजी से आग फैल रही है और ऊंची लपटें उठ रही हैं।

अग्निशमन दल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम ने समय रहते आग को आसपास के स्थानों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने की वजह ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव के नेतृत्व में रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र ने राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।
