भोर होते ही पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, बॉम्बे आवास और आईएसडीपी में 4 घंटे चली सघन तलाशी

4 संदिग्ध हिरासत में, बिना नंबर की 5 बाइक जब्त, वारंटियों पर भी कसा शिकंजा

भोर होते ही पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, बॉम्बे आवास और आईएसडीपी में 4 घंटे चली सघन तलाशी

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए शनिवार तड़के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में बड़ा सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। जवाहर नगर स्थित बॉम्बे आवास और आईएसडीपी आवास में सुबह 4 बजे से शुरू हुआ यह अभियान करीब चार घंटे तक चला, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, वारंट तामीली और संदिग्ध वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने इलाके के कई मकानों और आसपास के क्षेत्रों में जांच करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान 04 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई। पुलिस को मौके से बिना नंबर की 05 संदिग्ध दोपहिया वाहन भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। अब इन वाहनों के दस्तावेज, मालिकाना हक और उनके उपयोग को लेकर वैधानिक जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन वाहनों का उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया। इसके अलावा लंबे समय से लंबित 01 स्थायी वारंट की तामीली कर फरार आरोपी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखना तथा वारंटियों की धरपकड़ करना है। खासतौर पर ऐसे इलाकों में जहां असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं, वहां पुलिस लगातार निगरानी बढ़ा रही है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वैशाली नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुबह से ही हलचल का माहौल रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी और लगातार चल रही तलाशी कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा बनी रही।