डबल मर्डर से सनसनी, होली का मुखौटा पहनकर घर में घुसा बदमाश, बुजुर्ग दंपति की हत्या

डबल मर्डर से सनसनी, होली का मुखौटा पहनकर घर में घुसा बदमाश, बुजुर्ग दंपति की हत्या

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के खपरी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, खपरी गांव निवासी छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई रात में अपने घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात एक अज्ञात बदमाश घर में घुसा और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से संदिग्ध के पैरों के निशान मिले हैं, साथ ही एक होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुखौटे का इस्तेमाल किया।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे चोरी या लूट की मंशा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है।