पशु तस्करी पर कार्रवाई: फरार आरोपी गिरफ्तार, 3 आरोपी अब तक जेल भेजे गए

पशु तस्करी पर कार्रवाई: फरार आरोपी गिरफ्तार, 3 आरोपी अब तक जेल भेजे गए

बलरामपुर-रामानुजगंज। कुसमी थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को ग्राम नवडीहा बाकाईन टोली में एक स्कॉर्पियो वाहन के जरिए गाय-बैलों को क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड स्थित बूचड़खाने की ओर ले जाया जा रहा था। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

इस प्रकरण में पहले ही दो आरोपी संजीव घासी और ताहिर अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं तीसरा आरोपी दिलीप राम, निवासी शकरडीह, जिला जशपुर, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

कुसमी पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।