लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर एकता दौड़, युवाओं और अधिकारियों ने दी देश की एकता की मिसाल
 
                                

बलरामपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आज बलरामपुर में ‘राष्ट्रीय एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। विविधता में एकता का संदेश लेकर अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा और नागरिकों ने एक साथ दौड़ लगाई। यह दौड़ पुराने बस स्टैंड से शुरू होकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के खेल मैदान तक संपन्न हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर बलरामपुर राजेंद्र कटारा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पांडेय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता से देश की एकता को सशक्त नींव दी, हमें उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी ने भी सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की अखंडता और सामाजिक सौहार्द के लिए उनका जीवन एक प्रेरणा है। कार्यक्रम में लोगों ने संकल्प लिया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव जैसी सीमाओं से ऊपर उठकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखेंगे।

 
                         Santosh Kumar
                                    Santosh Kumar                                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
                    
                 
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
                                        
                                     
            
             
            
             
            
            