दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से मुंबई ले जा रहे थे खेप

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से मुंबई ले जा रहे थे खेप

भिलाई। दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान विश्वास के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मोहन नगर पुलिस ने 22 किलो अवैध गांजा जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मुंबई ले जा रहे थे।  

एएसपी सुखनंदन सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस टीम दुर्ग-धमधा रोड पर सूर्या होटल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक बड़े पिट्ठु बैग लेकर आते दिखाई दिए। पूछताछ में वे गोलमोल जवाब देने लगे और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बैग में 22 किलो गांजा मिला। मौके पर ही गवाहों के समक्ष गांजा को शीलबंद कर जप्त किया गया।  पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर मुंबई बेचने जा रहे थे।

उन्होंने कबूल किया कि दुर्ग निवासी राहुल तिवारी ने उन्हें ओडिशा के तस्करों से सस्ते दाम पर गांजा दिलवाया और मुंबई तक सुरक्षित पहुंचाने का आश्वासन दिया था। इस सौदे में कमीशन के तौर पर एक लाख रुपए ट्रांसफर किए जाने की बात भी सामने आई।  पुलिस ने आरोपी साजिद अली (45 वर्ष), मोहम्मद शकील कुरैशी (40 वर्ष) दोनों निवासी शिवाजी नगर, गोवंडी मुंबई और राहुल तिवारी (29 वर्ष) निवासी बैजनाथ पारा दुर्ग को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।