चरित्र संदेह के चलते पत्नी पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

बलरामपुर। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को पहले शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मनोहरपुर निवासी समलू पहाड़ी कोरवा (31 वर्ष) का अपनी पत्नी सीमा से रात में विवाद हुआ था। नाराज होकर सीमा घर छोड़कर ग्राम परेवा चली गई। अगले दिन सुबह जब समलू ने पत्नी को वहां देखा तो उसने उस पर चरित्र शंका जताते हुए धारदार छुरी से हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ, पैर, माथा और आंख के पास गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई।
घटना को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने देखा और बीच-बचाव करते हुए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के पिता रामप्रसाद डीहकोरवा की शिकायत पर थाना शंकरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 113/2025, धारा 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी समलू पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश कर दिया है।