22 हजार वाहन मालिकों को ई-चालान भुगतान के नोटिस, अब सर्विस रिकॉर्ड ब्लॉक करने की तैयारी

जिले में अब तक जारी हुए 1.13 लाख से अधिक ई-चालान, सिर्फ 24 हजार का हुआ भुगतान; नोटिस में QR कोड, स्कैन कर घर बैठे जमा कर सकेंगे जुर्माना

22 हजार वाहन मालिकों को ई-चालान भुगतान के नोटिस, अब सर्विस रिकॉर्ड ब्लॉक करने की तैयारी

दुर्ग। यातायात नियमों की अनदेखी कर चालान कटवाने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों पर अब यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा पिछले दो महीनों में करीब 22 हजार वाहन मालिकों को डाक के माध्यम से बकाया ई-चालान जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बावजूद लंबे समय तक चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ अब परिवहन विभाग के माध्यम से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक कुल 1,13,671 ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। इनमें से वाहन मालिकों द्वारा करीब 24 हजार चालानों का ही भुगतान किया गया है। बड़ी संख्या में ई-चालान अब भी लंबित हैं। ऐसे वाहन मालिकों को चिह्नित कर नोटिस भेजे जा रहे हैं, ताकि वे समय रहते बकाया राशि जमा कर सकें।

नोटिस में QR कोड, मोबाइल से कर सकेंगे भुगतान

वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नोटिस में QR कोड उपलब्ध कराया है। इसे मोबाइल से स्कैन करने पर वाहन मालिक सीधे शासकीय ई-चालान वेबसाइट पर पहुंच सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा दुर्ग पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर ई-चालान भुगतान की प्रक्रिया समझाने वाला वीडियो भी अपलोड किया गया है, जिससे लोग घर बैठे भुगतान करना सीख सकते हैं।

भुगतान नहीं किया तो ब्लॉक होगा सर्विस रिकॉर्ड

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के बाद भी लंबे समय तक बकाया ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। ऐसे वाहनों की सूची और संबंधित प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार वाहनों के सर्विस रिकॉर्ड ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात मुख्यालय में भी भुगतान की सुविधा

जो वाहन मालिक ऑनलाइन भुगतान करने में असमर्थ हैं, उनके लिए यातायात मुख्यालय नेहरू नगर, गुरुद्वारा तिराहा में अलग से व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचकर वे अपने लंबित ई-चालान का भुगतान कर सकते हैं।

यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान का भुगतान समय पर करें और अनावश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई से बचें। साथ ही वाहन चलाते समय यातायात के सभी नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।