नवरात्रि की शुरुआत में दिशा संस्था ने जरूरतमंदों के बीच बांटी राहत सामग्री

वृद्धाश्रमों और विशेष देखभाल केंद्र में फल, स्वच्छता सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, ऊनी वस्त्र और साड़ियों का वितरण

नवरात्रि की शुरुआत में दिशा संस्था ने जरूरतमंदों के बीच बांटी राहत सामग्री

भिलाई, 10 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि और देवी पक्ष की शुरुआत के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘दिशा’ ने सेवा अभियान चलाकर जरूरतमंदों, बुजुर्गों और विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की। संस्था के सदस्यों ने विभिन्न आश्रमों में पहुंचकर स्वच्छता सामग्री, फल, दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की किट, हल्के ऊनी वस्त्र और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां भेंट कीं। अभियान के माध्यम से संस्था ने सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया।

संस्था की ओर से पुलगांव (दुर्ग), भिलाई के सेक्टर-8 और सेक्टर-2 स्थित वृद्धाश्रमों के साथ सेक्टर-3 में संचालित ‘फील परमार्थम फाउंडेशन’ में सामग्री वितरित की गई। इस दौरान फिनायल, डिटर्जेंट, लिक्विड सोप, एडल्ट डायपर, कॉटन रोल, फल और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं। संस्था ने इस पहल के जरिए आश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों और अन्य आश्रितों की रोजमर्रा की जरूरतों में सहयोग करने का प्रयास किया।

बुजुर्गों और जरूरतमंद महिलाओं को दिए वस्त्र

आने वाले ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद बुजुर्गों को हल्के ऊनी वस्त्र दिए गए। वहीं, जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां भेंट की गईं। संस्था के सदस्यों ने आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान आत्मीय संवाद और स्नेहपूर्ण मुलाकातों से अभियान का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित न रहकर अपनत्व और सम्मान का भाव भी सामने आया।

सेवा को बताया सच्ची आराधना

दिशा संस्था का मानना है कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक भी पहुंचे। नवरात्रि के अवसर पर चलाए गए इस अभियान के जरिए संदेश दिया गया कि देवी की आराधना के साथ जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों का सम्मान और असहाय लोगों के प्रति संवेदनशीलता भी महत्वपूर्ण है। संस्था ने ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ की भावना के साथ सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस सेवा अभियान में दिशा संस्था के भास्कर देवनाथ, जवाहर, बापी दास, सुजीत चक्रवर्ती, राजेश धारकर, शांतनु दासगुप्ता, उत्तम डे, कल्याण राय, दुष्यंत तिवारी, रामजी सिन्हा, पी.के. धाबरकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।