BSP में कॉपर वायर चोरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र में हुई थी चोरी; पूर्व में 160 किलो कॉपर वायर बरामद, अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

BSP में कॉपर वायर चोरी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ में उनके घटना में शामिल होने की बात सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामला 12 अगस्त 2026 की रात भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र का है। 13 अगस्त को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रात करीब 11 बजे प्लांट के कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कुछ लोग कॉपर वायर चोरी कर ले जा रहे थे। ड्यूटी पर तैनात टीम ने कुछ आरोपियों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था।

पहले दो आरोपियों से 160 किलो कॉपर वायर बरामद

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घनश्याम मण्डावी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई, और 7 हजार रुपये कीमत का एक स्मार्टफोन बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार कुल 47 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई थी।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

फरार आरोपियों की तलाश के बाद गिरफ्तारी

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद से फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।

इसी क्रम में 20 सितंबर को पुलिस टीम ने ग्राम जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर निखिल कुमार साहू (20) और किशन ठाकुर (22) को हिरासत में लिया। दोनों ग्राम जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने भिलाई स्टील प्लांट में हुई कॉपर वायर चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दीवार फांदकर प्लांट में घुसने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपियों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और कॉपर वायर एवं अन्य सामग्री चोरी करने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।