पत्नी मजदूरी करने गई तो भड़का पति, घर में लगा दी आग; घरेलू सामान सहित मकान खाक, आरोपी गिरफ्तार

पत्नी मजदूरी करने गई तो भड़का पति, घर में लगा दी आग; घरेलू सामान सहित मकान खाक, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम परसकोल में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के मजदूरी करने जाने से नाराज 45 वर्षीय चेतन मधुकर ने अपने ही घर में आग लगा दी। आग से मकान के साथ घर में रखा राशन, कपड़े, पलंग, टीवी, सीलिंग फैन समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय तरुणा मधुकर रोजी-मजदूरी का काम करती हैं। उनका विवाह करीब 20 साल पहले चेतन मधुकर से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही चेतन शराब का सेवन कर पत्नी से विवाद करता था। इसी वजह से करीब 8 साल पहले तरुणा अपनी तीन बेटियों के साथ मायके ग्राम परसकोल आ गई थीं और अपने माता-पिता से अलग लकड़ी, पैरा और झिल्ली से बने मकान में रहने लगी थीं। बाद में चेतन भी उनके साथ रहने लगा, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया।

मजदूरी करने गई पत्नी, पीछे घर में लगा दी आग

घटना 7 अगस्त 2026 की बताई गई है। सुबह करीब 8 बजे तरुणा मजदूरी करने कंदई बाड़ी गई थीं। वह अपनी बेटियों को अपने माता-पिता के घर छोड़कर गई थीं। जब वह वापस लौटीं तो उनका घर जल चुका था। पत्नी ने जब पति से इस बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर बताया कि उसके मजदूरी करने जाने से नाराज होकर उसने ही घर में आग लगाई थी। प्रार्थिया की बेटियों ने भी पुलिस को बताया कि उनके पिता चेतन मधुकर ने घर में आग लगाई थी। आसपास के लोगों ने भी घटना को देखने की बात पुलिस को बताई। आग की वजह से घर में रखा राशन, कपड़े, पलंग, सीलिंग फैन, टीवी और छत पर रखा पैरा, लकड़ी व झिल्ली जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

घटना की शिकायत के बाद धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 220/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थिया, उसकी बेटियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चेतन मधुकर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई और आरोपी को BNS की धारा 326(g) के तहत न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।