दुर्ग पुलिस का ट्रैफिक अभियान तेज, बाजारों से हाईवे तक व्यापारियों और वाहन चालकों को दी समझाइश
सिविक सेंटर, सुपेला, आकाशगंगा, इंदिरा मार्केट और खुर्सीपार-कुम्हारी सर्विस लेन में विशेष अभियान, रेल चौक पर 300 से अधिक वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश

दुर्ग, 26 जुलाई। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने रविवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में व्यापारियों, दुकानदारों, वाहन मालिकों और चालकों से संवाद कर यातायात नियमों के पालन की अपील की गई। वहीं भिलाई के रेल चौक पर दिशा सामाजिक संस्था के साथ संयुक्त सड़क सुरक्षा अभियान भी चलाया गया।
यातायात पुलिस ने सिविक सेंटर, सुपेला मार्केट, आकाशगंगा और इंदिरा मार्केट के व्यापारियों के साथ बैठक कर दुकानों के सामने नो-पार्किंग में वाहन खड़े नहीं होने देने और जाम की स्थिति रोकने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही ओल्ड भिलाई ट्रैफिक जोन की टीम ने खुर्सीपार से कुम्हारी तक सर्विस लेन में स्थित दुकानदारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अवैध पार्किंग रोकने और सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया।

मौके पर मौजूद वाहन मालिकों और चालकों को भी यातायात नियमों की जानकारी देकर निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में रेल चौक, सेक्टर-7 भिलाई में यातायात पुलिस और दिशा सामाजिक संस्था ने संयुक्त सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान करीब 250 से 300 वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों, बिना सीट बेल्ट चारपहिया चलाने वालों और दोपहिया पर तीन सवारी लेकर चलने वाले वाहन चालकों को रोककर समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने और सभी वाहन चालकों से शराब या अन्य किसी नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें, नो-पार्किंग और सर्विस लेन में वाहन खड़े करने से बचें तथा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।