आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास गांजा बेचने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार, ढाई किलो से अधिक गांजा जब्त

खुर्सीपार पुलिस की घेराबंदी में चारों आरोपी दबोचे गए, 2.514 किलो गांजा और बिक्री के ₹1200 बरामद

आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास गांजा बेचने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार, ढाई किलो से अधिक गांजा जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास गांजा बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 514 ग्राम गांजा और ₹1200 की बिक्री रकम बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹1.51 लाख आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार स्थित आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास दशहरा मंच के सामने 3 से 4 युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना खुर्सीपार की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने चारों को दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शेख शब्बीर उर्फ कल्लू (21), उदय देवार (22), विकास वर्मा उर्फ चेतन (23) और रोहित कंवर (19) निवासी खुर्सीपार, भिलाई बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 2.514 किलो गांजा और ₹1200 नकद बरामद किया गया।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान के आसपास ग्राहकों को गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बेचकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहे थे। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।