बिना दस्तावेज पीडीएस चावल ले जाते पकड़ा गया सन्नी साव, 14 कट्टा चावल और मालवाहक वाहन जब्त
सुपेला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, सोसायटी का चावल खपाने की तैयारी नाकाम

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से 14 कट्टा सोसायटी चावल जब्त किया है। मामले में वाहन चालक को पकड़कर खाद्य विभाग के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 24 जून को सूचना मिली थी कि सोसायटी का चावल एक नीले रंग के मालवाहक टेम्पो में अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर राजीव नगर ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर बजाज मैक्सीमा मालवाहक वाहन क्रमांक CG 07 CV 2329 को रोका गया।

जांच के दौरान वाहन में प्लास्टिक की बोरियों में भरा 14 कट्टा सोसायटी चावल मिला। चालक से चावल के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान भी वह पुलिस को गुमराह करता रहा।
इसके बाद पुलिस ने वाहन और चावल को जब्त कर थाना सुपेला लाया तथा मामले की जानकारी खाद्य विभाग को दी। अधिकारियों द्वारा चावल के स्रोत और उसके अवैध परिवहन के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले में आरोपी सन्नी साव (28 वर्ष) निवासी पांच रास्ता, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला को गिरफ्तार किया है।
