चौहान टाउन के फ्लैट में आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

दुर्ग। स्मृति नगर थाना क्षेत्र के चौहान टाउन में बुधवार शाम एक फ्लैट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शाम करीब 7:30 बजे की है, जब प्रथम तल पर स्थित श्री कृष्णा कावरिया के फ्लैट से धुएं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से दो दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। टीम के पहुंचते ही देखा गया कि फ्लैट के कमरे में आग तेजी से फैल रही है और पूरा परिसर धुएं से भर चुका है। अग्निशमन कर्मियों ने बिना देर किए फ्लैट के अंदर प्रवेश कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। उनके साथ अग्निशमन सहायक प्रभारी प्रवीण बारा, दल प्रभारी केशव यादव और शरद मेश्राम सहित टीम के अन्य सदस्यों ने समन्वय के साथ राहत कार्य को अंजाम दिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई। दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

