2 करोड़ की अफीम खेती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

2 करोड़ की अफीम खेती का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगं में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्रीपानी खजुरी में की जा रही अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान खेत में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल पाई गई। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहादुर नगेशिया और दुईला नगेशिया के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान अफीम की फसल को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित उखाड़कर जब्त किया गया। जब्त अफीम का कुल वजन करीब 18 क्विंटल 83 किलो यानी लगभग 1883.76 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में एंड टू एंड विवेचना कर रही है और अवैध खेती से जुड़ी वित्तीय गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र में करीब 1.47 एकड़ जमीन पर जंगलों के बीच छोटे-छोटे खेतों में अफीम की खेती की जा रही थी। 

आरोपी

1. सहादुर नगेशिया पिता देशिया नगेशिया, उम्र 34 साल, सा. खजूरी (तुर्रीपानी), थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।

2. दुईला नगेशिया पिता गोंदरा नगेशिया, उम्र 40 साल, सा. खजूरी (तुर्रीपानी), थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।