रसमड़ा चौक पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, चालक गिरफ्तार

रसमड़ा चौक पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, चालक गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव चौकी अंजोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को सुबह करीब 8 बजे ऐमंत साहू, निवासी सलोनी घुमका, अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 ZR 3592 से मित्र जुगल किशोर के साथ ए.एस. ग्लोबल फैब्रिकेशन कंपनी, रसमड़ा की ओर जा रहे थे। रायपुर स्टील प्लांट के सामने रसमड़ा चौक पर पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ऐमंत साहू ट्रक के नीचे फंस गए, जबकि पीछे बैठे जुगल किशोर छिटककर बाहर गिर गए और उनकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक को नीचे व्यक्ति फंसे होने की सूचना दी, लेकिन आरोप है कि चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 15 से 20 मीटर तक मोटरसाइकिल चालक को घसीटता रहा। इससे मौके पर ही गंभीर चोटें आईं।

घायल को तत्काल शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में धारा 106(1) और 281 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी दिलीप सोनी (50 वर्ष), निवासी लेबर कैंप जामुल, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) जप्त कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है।