आनंद सरोवर बघेरा में शिव दर्शन आध्यात्मिक मेला का शुभारंभ, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया दीप प्रज्ज्वलित

आनंद सरोवर बघेरा में शिव दर्शन आध्यात्मिक मेला का शुभारंभ, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया दीप प्रज्ज्वलित

दुर्ग। बघेरा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के “आनंद सरोवर” परिसर में नौ दिवसीय ‘शिव दर्शन आध्यात्मिक मेला’ का शुभारंभ 8 फरवरी से हो गया। उद्घाटन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस मौके पर विवेक अग्रवाल, ब्रह्माकुमारी दुर्ग की संचालिका रीटा दीदी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन 16 फरवरी तक चलेगा। मेले का समय प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन में द्वादश ज्योतिर्लिंग एवं चैतन्य झाँकी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

इस वर्ष विशेष नृत्य-नाटिका “नशा नाश का द्वार है राजयोग सफलता का आधार है” भी प्रस्तुत की जाएगी, जिसका उद्देश्य समाज को नशामुक्ति और आध्यात्मिक जीवन की ओर प्रेरित करना है। आनंद सरोवर परिसर शहर की भीड़-भाड़ से दूर शांत और प्राकृतिक वातावरण में स्थित है। यहां विशाल “कमला दीदी सभागृह”, मेडिटेशन कक्ष और सभाकक्ष सहित 2000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। आयोजकों ने नागरिकों से मेले में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ लेने की अपील की है।