नकली सोना गिरवी रखकर 8.25 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
महिला-पुरुष ने 84.880 ग्राम नकली जेवरात को असली बताकर लिए थे 8.25 लाख, जेवरात और 4 मोबाइल जब्त

दुर्ग। नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और 8.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 84.880 ग्राम नकली सोने के जेवरात और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 और 30 सितंबर 2026 को एक महिला और पुरुष ने नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर कुल 8 लाख 25 हजार रुपये नगद प्राप्त किए थे। जेवरात की वास्तविकता सामने आने के बाद मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने रमेश कुमार (35) निवासी रायपुर और मीनाक्षी बाघ (39) निवासी दुर्ग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और मेमोरेण्डम कथन के आधार पर नकली सोने के जेवरात उपलब्ध कराने वाले राजेश अग्रवाल (45) निवासी कबीर नगर, रायपुर की पहचान हुई। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे दिया धोखा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकली सोने के जेवरात को वास्तविक सोना बताकर गिरवी रखा और इसके बदले बड़ी रकम प्राप्त की। मामले में नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी की भूमिका भी सामने आने के बाद उसे भी आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोने के आभूषण खरीदने या गिरवी रखने से पहले उनकी शुद्धता और वास्तविकता की विधिवत जांच जरूर कराएं।
