पत्थर से युवक की हत्या का आरोपी दो साल बाद हरियाणा से गिरफ्तार

मोबाइल दिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गए थे, शराब पीने को लेकर हुआ विवाद; सिर पर पत्थर से किया था वार

पत्थर से युवक की हत्या का आरोपी दो साल बाद हरियाणा से गिरफ्तार

भिलाई। हथखोज स्थित बीईसी कंपनी के पीछे वर्ष 2024 में हुई युवक नरेन्द्र नवरंगे की हत्या के मामले में करीब दो साल से फरार आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह (27) घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसे 5 सितंबर को पलवल से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2024 को निकेश यादव अपने दोस्त नरेन्द्र नवरंगे और आयुष गायकवाड के साथ किस्त में नया मोबाइल खरीदने जा रहा था। मोबाइल दिलाने की बात को लेकर उनकी आरोपी जितेन्द्र वर्मा से बातचीत हुई। जितेन्द्र ने उन्हें छावनी आने को कहा। रास्ते में एसीसी चौक के पास जितेन्द्र अपने साथी सोनू और सुमीत जायसवाल के साथ मिला।

इसके बाद सभी हथखोज स्थित बीईसी कंपनी के पीछे पहुंचे। वहां शराब पीने की बात को लेकर नरेन्द्र और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने नरेन्द्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर निकेश और गवाह को भी धमकाया गया।

इसी दौरान आरोपी जितेन्द्र वर्मा ने नरेन्द्र पर बेल्ट से हमला किया। बेल्ट टूटने के बाद उसने पास पड़े वजनी पत्थर से नरेन्द्र के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से नरेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

मुख्य आरोपी को हो चुकी है उम्रकैद

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच की। विवेचना के दौरान जितेन्द्र वर्मा, सोनू और सुमीत जायसवाल की संलिप्तता सामने आई। आरोपी जितेन्द्र वर्मा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

वहीं सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। उसकी तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वह हरियाणा के पलवल में छिपकर रह रहा है। पुलिस टीम ने पलवल पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय से 7 सितंबर तक ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह, निवासी ग्राम कोलहुवा, थाना बेन, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है