पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 12 घंटे में एक ही परिवार के 6 आरोपी गिरफ्तार
जैतखाम विवाद के बाद खूनी वारदात, एक की मौत, कई घायल

दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। जैतखाम के पास कुन्दरापारा में हुए इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में लेखराम कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अक्षय कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और बल्ला उर्फ रोशन कोठारी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद विशेष टीमों ने घेराबंदी कर घटना में शामिल एक ही परिवार के 6 आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ईंट, डंडे, चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब तीन साल पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
घटना स्थल :
थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत जैतखाम के पास, कुन्दरा पारा दुर्ग।
आरोपियों के नाम :
- लक्ष्मी चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
- आकाश चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
- सत्यम चेलक, पिता तारांदास, उम्र 33 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
- खेलू चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
- प्रकाश चेलक, पिता रामचरण, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
- देवचंद चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 34 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा पद्मनाभपुर।
