तंत्र-मंत्र, जिन्न और नौकरी का झांसा देकर 85 लाख की ठगी

भिलाई की महिला से पूजा-पाठ, ऑनलाइन ट्रेडिंग और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर वसूली, आरोपी ने खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताकर फंसाया

तंत्र-मंत्र, जिन्न और नौकरी का झांसा देकर 85 लाख की ठगी

भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू परेशानियां दूर करने, गुप्त पूजा-पाठ कराने, ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-5 निवासी 52 वर्षीय संगीता कश्यप ने शिकायत में बताया कि नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने विशेष पूजा-पाठ और ग्रह दोष दूर करने का दावा किया।

'जिन्न' और अनिष्ट का डर दिखाकर ऐंठता रहा रकम

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने महिला को बताया कि उनकी ग्रह दशा बेहद खराब है और उसे ठीक करने के लिए गुप्त पूजा करानी होगी। उसने दावा किया कि पूजा मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित किसी मजार में कराई जाएगी। आरोपी कथित तौर पर किसी मुस्लिम बाबा से फोन पर बातचीत करता था और महिला को 43 दिनों तक दीपक जलाने के निर्देश देता था।

महिला का आरोप है कि पैसे देने में देरी होने पर आरोपी जिन्न, प्रेत बाधा और अनिष्ट होने का भय दिखाता था। इतना ही नहीं, उसने कई बार परिवार के सदस्यों के साथ दुर्घटना होने तक की चेतावनी देकर लाखों रुपये वसूले।

बेटे को भी ट्रेडिंग के नाम पर फंसाया

महिला ने बताया कि जनवरी 2024 में आरोपी ने उनके बेटे विक्रांत कश्यप को भी अपने प्रभाव में ले लिया। ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में भारी मुनाफे का सपना दिखाकर उससे भी अलग-अलग बैंक खातों से बड़ी रकम हासिल की।

आरोपी ने दावा किया था कि उसके समूह को निवेश से 5 करोड़ रुपये का लाभ होने वाला है और वह महिला को उनकी पूरी रकम ब्याज सहित वापस कर देगा। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ।

कभी जेल तो कभी मां की बीमारी का बहाना

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी लगातार नए-नए बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा। कभी उसने खुद को कोलकाता जेल में बंद बताया तो कभी मां के ब्रेन हैमरेज का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी। पिता की मृत्यु, पुराने कर्ज और अन्य पारिवारिक संकटों का बहाना बनाकर भी रकम ऐंठी गई।

पति की मौत से पहले भी मांगे थे पैसे

महिला का आरोप है कि आरोपी ने उनके पति के साथ अनहोनी होने की बात कहकर डेढ़ लाख रुपये नकद लिए थे। बाद में पति सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस घटना के बाद महिला को संदेह हुआ कि आरोपी की गतिविधियां सामान्य नहीं थीं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपी लगातार पैसों की मांग करता रहा और घर के बाहर आकर गाली-गलौज व धमकी देता था।

रकम लौटाने की बजाय नौकरी का झांसा

जब महिला ने निवेश की गई राशि वापस मांगी तो आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने का लालच दिया। उसने कथित नियुक्ति पत्र, चयन सूची और जॉइनिंग प्रक्रिया के नाम पर लाखों रुपये और वसूले।

आरोपी ने महिला को भोपाल बुलाकर भी नकद रकम ली और दावा किया कि उनकी नौकरी जल्द लग जाएगी। लेकिन न तो कोई नियुक्ति पत्र मिला और न ही पैसे वापस हुए।

बेटी और बेटे को भी दी धमकी

शिकायत के अनुसार महिला की बेटी ने आरोपी को परिवार के मामलों में दखल देने से रोका तो उसने परिवार के खिलाफ लोगों को भेजने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए भय का माहौल बनाया।

महिला का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उन्हें तथा उनके बच्चों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिलाई नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेन-देन के दस्तावेजों की जांच कर रही है।