IPL सट्टा मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल से हो रहा था पूरा खेल

भिलाई। पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना उतई क्षेत्र के ग्राम सेलूद में की गई, जहां आरोपी मोबाइल के जरिए अवैध सट्टा चला रहे थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर उतई थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे। उनके पास से 4 एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए गए हैं, जिनमें सट्टे से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित किए गए हैं।

इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 06 और 07 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
रजनीकांत साहू (29 वर्ष)
तामसेम साहू (30 वर्ष)
यमन साहू (20 वर्ष)
जिज्ञासु बंछोर (24 वर्ष)
चारों आरोपी ग्राम सेलूद, थाना उतई, जिला दुर्ग के रहने वाले हैं।
जप्त सामग्री:
4 एंड्रॉइड मोबाइल (कीमत करीब 37 हजार रुपये)
ऑनलाइन सट्टा से जुड़े डिजिटल साक्ष्य

