भिलाई में घर से 74 लाख के गहने चोरी: बेटी ही निकली आरोपी, गिरवी रखे 74 लाख रुपए की 513 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

भिलाई में घर से 74 लाख के गहने चोरी: बेटी ही निकली आरोपी, गिरवी रखे 74 लाख रुपए की 513 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

दुर्ग। भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य ने की थी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी एम. नचैय्या ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जनवरी को उनके घर से करीब 60 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान संदेह परिवार के भीतर ही गया और प्रकरण में प्रार्थी की पुत्री का नाम सामने आया।

पुलिस ने आरोपी एम. श्यामला (26 वर्ष), निवासी भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से गहने चोरी किए और उनमें से बड़ी मात्रा में आभूषण IIFL Finance, पावर हाउस भिलाई में गिरवी रख दिए थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी के पास से करीब 70 ग्राम सोने के आभूषण (लगभग 12 लाख रुपये) बरामद किए थे। इसके बाद 23 मार्च 2026 को IIFL फाइनेंस से 443 ग्राम सोना (लगभग 62 लाख रुपये) जप्त किया गया। इस तरह कुल 513 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 74 लाख रुपये है, पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

आरोपी का विवरण : 1. एम. श्यामला, उम्र 26 वर्ष, निवासी सड़क 11, सेक्टर 2, मकान नंबर 9/E, भिलाई