चोर समझकर युवक की हत्या, 5 गार्डों को उम्रकैद

चोर समझकर युवक की हत्या, 5 गार्डों को उम्रकैद

रायपुर से एक गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन साल पुराने हत्या केस में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। आंबेडकर अस्पताल में तैनात पांच सुरक्षा गार्डों को युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।

मामला साल 2023 का है। मृतक रोहित कुमार कुशवाहा काम की तलाश में रायपुर आया था और अस्पताल के पास घूम रहा था। इसी दौरान गार्डों ने उसे चोर समझ लिया। यहां सबसे अहम बात ये है कि बिना किसी पुष्टि या पूछताछ के, गार्डों ने रोहित को रस्सी से बांध दिया और डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते रहे।

मारपीट इतनी गंभीर थी कि रोहित के अंदरूनी अंगों ने काम करना बंद कर दिया। बाद में उसे उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों के मुताबिक, रोहित कई दिनों से भूखा-प्यासा था और काम की तलाश में भटक रहा था। घटना के बाद आरोपियों ने खुद पुलिस को सूचना दी, लेकिन CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने सभी पांचों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पंकज सिन्हा की अदालत में हुई, जहां सभी आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि कानून हाथ में लेने का अंजाम कितना गंभीर हो सकता है।