पावर हाउस चौक पर धारदार हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार

पावर हाउस चौक पर धारदार हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। होली पर्व को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छावनी थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का एक धारदार हथियार भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस चौक स्थित सी-मार्ट के पास एक युवक हथियार लहराकर राहगीरों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण कुमार तिवारी (24 वर्ष), निवासी शारदा पारा, कैलाश चौक, मिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया, जिसमें 8 इंच का फल और 5 इंच की मुठ है।

आरोपी से वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त करते हुए उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में अपराध क्रमांक 121/2025 कायम कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।