जमीन बेचने के नाम पर 13 लाख की ठगी, छावनी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जमीन बेचने के नाम पर 13 लाख की ठगी, छावनी पुलिस ने आरोपी को दबोचा

भिलाई। जमीन बिक्री के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला ग्राम जंजगिरी का है, जहां जमीन को अपना बताकर सौदा किया गया और किश्तों में पूरी रकम ले ली गई।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में आरोपी ने ग्राम जंजगिरी स्थित भूमि को अपनी बताते हुए विक्रय का समझौता किया। रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर अलग अलग किश्तों में कुल 13 लाख रुपये ले लिए। बाद में पता चला कि वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत है।

शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी जगजीत उर्फ करण सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन नेहरू नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से पंजाब नेशनल बैंक के पांच हस्ताक्षरित चेक और जमीन विक्रय से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।