दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा: 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, खेत विवाद में की गई थी हत्या

दुर्ग पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी को 12 घंटे से भी कम समय में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना रानीतरई क्षेत्र के ग्राम केंवरा का है।

21 फरवरी 2026 को खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई। उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत में पानी डालने की बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पहले से रंजिश थी। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

मामले में अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साक्ष्य संकलन, घटनास्थल निरीक्षण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही मोहन लाल सिन्हा, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम केंवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार भी जब्त किया है। इस कार्रवाई को एसआईयू और थाना रानीतरई की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश और खेत में पानी को लेकर हुआ विवाद ही इस हत्या की मुख्य वजह रहा।