दुर्ग में रक्तदान अभियान होगा हाईटेक, IIT भिलाई बनाएगा डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप

दुर्ग में रक्तदान अभियान होगा हाईटेक, IIT भिलाई बनाएगा डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप

दुर्ग। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पूरे वर्ष पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से शनिवार को भिलाई के कला मंदिर में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों, व्यापारी संघों, महिला समूहों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अभिजीत सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल परिसर में संचालित ब्लड बैंक जनभागीदारी का सफल मॉडल है, जहां गंभीर और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि अब पूरे वर्ष नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा, ताकि प्रत्येक संस्था अपनी निर्धारित तिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित कर सके।

रक्तदाता संस्थाओं को मिलेगा विशेष लाभ

कलेक्टर ने रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि जो संस्था या संगठन रक्तदान करेगा, उसके द्वारा अनुशंसित ऐसे व्यक्ति को, जो शासन की निःशुल्क रक्त श्रेणी में शामिल नहीं है, आवश्यकता पड़ने पर संस्था द्वारा दान किए गए रक्त का एक चौथाई (25 प्रतिशत) निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

IIT भिलाई बनाएगा डिजिटल पोर्टल

बैठक में बताया गया कि आईआईटी भिलाई के सहयोग से एक ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से यह जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगी कि किस संस्था ने कितनी यूनिट रक्तदान किया, ब्लड बैंक में वर्तमान में कितना रक्त उपलब्ध है और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड भी पूरी पारदर्शिता के साथ दर्ज रहेगा।

गंभीर मरीजों को मिलता रहेगा निःशुल्क रक्त

कलेक्टर ने बताया कि थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया, गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं सहित गंभीर मरीजों को पहले की तरह निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि अन्य मरीजों से शासन द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

बैठक में विभिन्न समाजों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल, औद्योगिक संस्थानों, शासकीय संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से रक्तदान अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए सुझाव और सहयोग मांगा गया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एस.आर. चुरेन्द्र ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व और ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए नियमित रक्तदान की अपील की।

बैठक में अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, नगर निगम भिलाई आयुक्त सुरूचि सिंह, डीआईजी सीआईएसएफ अखिलेश कुमार शुक्ला, अपर कलेक्टर हरवंश मिरी, जिला चिकित्सा अधिकारी मनोज दानी, रेडक्रॉस दुर्ग अध्यक्ष शरद पाटनकर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, चिकित्सक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।