मवेशी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 18 भैंसों से भरा ट्रक पकड़ा, चालक फरार


बलरामपुर। मवेशी तस्करी के खिलाफ बसंतपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 18 भैंसों को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर का एक टाटा ट्रक, मवेशियों को अवैध रूप से भरकर झारखंड की ओर जा रहा है। सूचना पर बसंतपुर थाना पुलिस ने ग्राम बकसरी के पास चेकिंग लगाई। जैसे ही ट्रक क्रमांक यूपी 70 एफटी 6909 मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और ट्रक को लेकर भागने लगा। पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 18 भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही ट्रक और सभी मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। इस मामले में छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।


कार्रवाई में बसंतपुर थाना पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।